Saharanpur News: सहारनपुर जिले में औद्योगिक विकास को रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है. यूपीसीडा (उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों से भूमि के बैनामे की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू होने जा रही है. सदर तहसील क्षेत्र के चार गांवों में करीब 160 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक गलियारे के लिए चिन्हित की गई है. भूमि खरीद के लिए यूपीसीडा की ओर से जिला प्रशासन को 50 करोड़ रुपये की राशि पहले ही जारी की जा चुकी है.
प्रशासन की ओर से बैनामे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले चरण में औद्योगिक गलियारे के विकास से जुड़ा काम शुरू कराया जाएगा. इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- बंगाल में 604 KM के 4 RRTS कॉरिडोर का प्रस्ताव, दुर्गापुर-आसनसोल से हल्दिया और खड़गपुर तक जुड़ेंगे शहर
चार गांवों में चिन्हित की गई जमीन
औद्योगिक गलियारे के लिए सदर तहसील के कुराली, बडूली, उमाही और नौजली गांवों में जमीन चिन्हित की गई थी. राजस्व विभाग ने शुरुआत में करीब 250 एकड़ भूमि चिह्नित की थी. किसानों से सहमति बनने के बाद करीब 160 हेक्टेयर भूमि औद्योगिक गलियारे के लिए लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है. यूपीसीडा की ओर से भूमि खरीद के लिए जिला प्रशासन को 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा चुके हैं. अब किसानों से जमीन के बैनामे की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है.
पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की कोशिश पहले हुई थी
अंबाला रोड स्थित पिलखनी में यूपीसीडा का करीब 95 एकड़ का औद्योगिक क्षेत्र पहले से मौजूद है. इसके विस्तार के लिए किसानों से अतिरिक्त जमीन लेने की कोशिश की गई थी. हालांकि, भूमि देने को लेकर किसानों से सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद नए क्षेत्र में औद्योगिक गलियारा विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की गई. यह औद्योगिक गलियारा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के आसपास विकसित करने की योजना है. मार्च 2026 में इस क्षेत्र में औद्योगिक गलियारे के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश मिले थे.
रामपुर मनिहारान के छह गांवों की 700 हेक्टेयर जमीन भी प्रस्तावित
औद्योगिक विकास की योजना को आगे बढ़ाते हुए रामपुर मनिहारान तहसील के छह गांवों की करीब 700 हेक्टेयर भूमि भी औद्योगिक गलियारे के लिए प्रस्तावित की गई है. यूपीसीडा के अधिकारियों की टीम इन क्षेत्रों का दौरा भी कर चुकी है. अधिकारियों के मुताबिक, इस क्षेत्र में भूमि की उपलब्धता और अन्य जरूरी पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है. आगे की प्रक्रिया इसी के आधार पर तय होगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-हावड़ा रूट पर बदलेगी तस्वीर! इटावा में बन रहा 9.7 KM लंबा रेल फ्लाईओवर
अगले सप्ताह से शुरू होंगे बैनामे
यूपीसीडा के प्रोजेक्ट प्रभारी उमेश शुक्ला ने बताया कि किसानों से भूमि के बैनामे की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू करा दी जाएगी. इसके बाद भूमि खरीद की प्रक्रिया पूरी होने पर औद्योगिक गलियारे के विकास की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी.


