UP Politics News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी सिलसिले में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. वह 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर में पार्टी की संगठनात्मक बैठकों में शामिल होंगे.
इस दौरे में नबीन सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे. बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर चुनावी तैयारियों पर भी चर्चा होगी.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR से 4 घंटे में मसूरी, नया हाईवे बदलेगा पहाड़ का सफर, देहरादून के जाम से भी मिलेगी राहत
21 सितंबर को मेरठ में कई कार्यक्रम
नितिन नबीन 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे. सबसे पहले वह इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक और पार्क में शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे. इसके बाद स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मंगल्य ऑडिटोरियम में युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इसके बाद पश्चिमी क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल होंगे.
दौरे के दौरान वह पश्चिमी यूपी के सांसदों, विधायकों, पूर्व पदाधिकारियों और पार्टी के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे. इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों और जमीनी संगठन की स्थिति पर चर्चा होगी.
औघड़नाथ मंदिर में करेंगे पूजा
मेरठ प्रवास के दौरान बीजेपी अध्यक्ष औघड़नाथ मंदिर भी जाएंगे और भगवान शिव के दर्शन करेंगे. इसके साथ ही क्षेत्र के प्रमुख नागरिकों और विशिष्ट लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है.
22 सितंबर को सहारनपुर पहुंचेंगे
दौरे के दूसरे दिन नितिन नबीन सहारनपुर जाएंगे. यहां वह पार्टी के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे. बैठकों में बूथ स्तर की तैयारियों, संगठन के कामकाज और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की जाएगी. सहारनपुर पहुंचने के बाद नबीन एक बीजेपी कार्यकर्ता के घर भोजन करने भी जाएंगे. इसके बाद मां शाकंभरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम है.
पश्चिमी यूपी की 71 विधानसभा सीटों पर फोकस
नितिन नबीन का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब बीजेपी उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों पर काम कर रही है. पश्चिमी यूपी में 71 विधानसभा सीटें हैं और पार्टी इन क्षेत्रों में बूथ से लेकर जिला स्तर तक अपनी तैयारियों की समीक्षा कर रही है. नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश का यह पहला दौरा है. इसके बाद पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक समीक्षा बैठकें करने वाले हैं.


