UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है. पिछले कई दिनों से तेज धूप, गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान से लोग परेशान हैं, लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ आंचलिक केंद्र ने 13 मई के लिए प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कई हिस्सों में मौसम अचानक बदल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है.
पूर्वांचल और तराई में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र में सक्रिय मौसमी प्रणालियों का असर देखने को मिलेगा. विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि आंधी के दौरान हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.
खाने में बार-बार बाल निकलना बना सकता है आपको कंगाल! जानिए इसके पीछे की वजह
देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत आसपास के क्षेत्रों में धूलभरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इन जिलों में वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है.
पश्चिमी यूपी और एनसीआर में भी बदलेगा मौसम
पूर्वांचल के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर से सटे जिलों में भी मौसम बदलने के संकेत मिले हैं. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), हापुड़ और बुलंदशहर में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा ब्रज और मध्य यूपी के मथुरा, आगरा, हाथरस, अलीगढ़, एटा, कासगंज, फिरोजाबाद, बदायूं, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में भी बादल छाने और बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का मानना है कि इन इलाकों में बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों के मौसम की बात करें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं दर्ज की गईं, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा. प्रदेश का सबसे अधिक तापमान बांदा में 43.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान उरई में 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. मेरठ, आगरा, झांसी और लखनऊ मंडलों में दिन का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत महसूस हुई.
किसानों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों और किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. विभाग ने कहा है कि आंधी और बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें. पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़ा होना खतरनाक साबित हो सकता है. तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों, टिन शेड और कमजोर संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थानों पर रख लें ताकि बारिश और तेज हवाओं से नुकसान से बचा जा सके.
गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन सतर्कता जरूरी
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है. बारिश और तेज हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन वज्रपात और तेज आंधी को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी होगा. मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे भी अलर्ट जारी किए जा सकते हैं.


