UP News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस (8 मार्च) के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ा तोहफा दिया है. इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आयुष्मान कार्ड प्रदान कर स्वास्थ्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण उपहार दिया. लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच पर पांच आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों गुड़िया सिंह, प्रियंका सिंह, सुधा अवस्थी, उमा सिंह और लालावती को आयुष्मान कार्ड सौंपे. इस पहल का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है.
प्रदेश सरकार के मुताबिक अब तक राज्य में करीब 3 लाख 684 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं समेत उनके परिवारों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल चुका है. इससे इन महिलाओं और उनके परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी.
आयुष्मान कार्ड से 5 लाख तक इलाज की गारंटी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महिलाओं का सशक्तीकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है. इसी दिशा में सरकार लगातार योजनाएं लागू कर रही है, ताकि महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके. आंगनबाड़ी कार्यकत्री गुड़िया सिंह ने आयुष्मान कार्ड मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है. इस कार्ड के जरिए उनके परिवार को इलाज के लिए 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है. उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया.
वहीं प्रियंका सिंह ने भी कार्ड मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है. अब महिलाएं प्रदेश में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं और इलाज की बेहतर सुविधा भी मिल रही है. प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत अब तक करीब 75 प्रतिशत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराया जा चुका है. सरकार का लक्ष्य है कि सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को इस योजना के तहत हर साल 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाए.
बार कोड और QR कोड में क्या है अंतर? जान लेंगे तो रोजमर्रा की जिंदगी में आएगा काम
इस योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और उनके परिवार के सदस्य सूचीबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज करा सकेंगे. महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए सरकार ने नारी शक्ति के सम्मान और उनके स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.


