Ganga River Iftar Party Controversy: गंगा नदी की पवित्र धारा में नाव पर ‘इफ्तार पार्टी’ करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद वाराणसी में विवाद खड़ा हो गया है. वीडियो में कुछ लोग नाव पर बैठकर दस्तरख्वान लगाकर खाना खाते नजर आ रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि इस दौरान मांसाहार भी परोसा गया, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है.
बताया जा रहा है कि वीडियो सबसे पहले एक सोशल मीडिया यूजर द्वारा शेयर किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया. वीडियो सामने आते ही कई हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है. उनका कहना है कि गंगा नदी हिंदुओं की आस्था का केंद्र है और यहां इस तरह का आयोजन धार्मिक भावनाओं को आहत करता है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए भेलूपुर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर नाव में मौजूद लोगों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही वीडियो की सत्यता, समय और स्थान की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे मामले की सही जानकारी सामने आ सके.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री साझा न करें. स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.
वीएचपी नेता का बयान
वहीं इस मामले में वीएचपी नेता डॉ. राजकमल गुप्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि गंगा मैया की बीच धारा में इस तरह का आयोजन आस्था पर चोट है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सुनियोजित साजिश हो सकती है और इसके पीछे राजनीतिक कारण भी हो सकते हैं.उन्होंने मांग की कि इस घटना में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर इसकी गहन जांच की जाए.
बढ़ी संवेदनशीलता
फिलहाल इस वायरल वीडियो ने वाराणसी में धार्मिक और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है. सभी की नजर अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.


