Meerut to Rishikesh Namo Bharat Train: उत्तराखंड आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए एक बेहद शानदार खबर है. दिल्ली से मेरठ के बीच चल रही देश की पहली सेमी-हाई-स्पीड रीजनल रेल सर्विस ‘नमो भारत’ (RRTS) का विस्तार अब उत्तराखंड के ऋषिकेश तक होने जा रहा है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के बाद, उत्तर प्रदेश सरकार और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने इस महत्वाकांक्षी विस्तार परियोजना पर अपनी औपचारिक सहमति दे दी है. इसके साथ ही अब इस नए रूट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए सर्वे का काम भी जल्द ही शुरू होने वाला है.
उत्तराखंड सरकार का बड़ा फैसला, 20 हजार शिक्षकों को बड़ी राहत, अब साल में दो बार होगी TET परीक्षा
230 किमी का सफर सिर्फ ढाई से तीन घंटे में
वर्तमान में दिल्ली से सड़क मार्ग द्वारा ऋषिकेश पहुंचने में करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है. अधिकारियों के मुताबिक, 160 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाली नमो भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद, दिल्ली से ऋषिकेश (लगभग 230 किलोमीटर) का सफर घटकर मात्र ढाई से तीन घंटे रह जाएगा.
जानिए रूट का पूरा विवरण
सराय काले खां (दिल्ली) से मोदीपुरम (मेरठ) के मौजूदा 82 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को 150 किलोमीटर और आगे बढ़ाया जाएगा. प्रस्तावित योजना के तहत नया ट्रैक कुछ इस तरह गुजरेगा.
शुरुआत: मेरठ का मोदीपुरम स्टेशन
प्रमुख पड़ाव: मुजफ्फरनगर → रुड़की → हरिद्वार (हर की पौड़ी)
समापन: ऋषिकेश (लक्ष्मण झूला)
राज्यों के अनुसार ट्रैक का विभाजन
राज्य ट्रैक की लंबाई
उत्तर प्रदेश (UP) 72 किलोमीटर
उत्तराखंड (UK) 78 किलोमीटर
कुल नया ट्रैक 150 किलोमीटर
काम में तेजी लाने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
इस हाई-स्पीड प्रोजेक्ट को रफ्तार देने के लिए दोनों राज्यों और NCRTC ने कमर कस ली है. उत्तराखंड सरकार ने अतिरिक्त सचिव रीना जोशी को इस परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. वहीं, NCRTC ने भी अपने नोडल अधिकारी की नियुक्ति कर दी है ताकि कागजी और जमीनी कार्रवाई बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ सके.
कैसे मिली मंजूरी?
यह ऐतिहासिक समझौता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर के समक्ष रखे गए प्रस्ताव के बाद संभव हो पाया है.
खाद्यान्न भंडारण में बड़ा बदलाव. कल लॉन्च होगी Smart Warehousing System, AI और IoT से होगी निगरानी
पर्यटन, व्यापार और अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया दम- सीएम धामी
परियोजना पर सहमति बनने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक नमो भारत (RRTS) ट्रेन सेवा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण सहमति बनना उत्तराखण्ड के लिए अत्यंत सुखद समाचार है… इस परियोजना के साकार होने पर कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी. तीर्थयात्रियों, पर्यटकों एवं प्रदेशवासियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलेगा.


