Barapulla Phase 3: पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद से दक्षिण दिल्ली (AIIMS) की ओर रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है. लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बारापुला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग बनकर तैयार हो गया है. दिल्ली लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इसके भव्य उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को औपचारिक पत्र भेजा है. माना जा रहा है कि इसी महीने इस एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन कर इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
समय की भारी बचत, 100% सिग्नल-फ्री सफर
करीब 3.5 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड के शुरू होने से मयूर विहार से AIIMS का सफर पूरी तरह सिग्नल-फ्री हो जाएगा. ट्रैफिक की वजह से मयूर विहार से एम्स पहुँचने में 30 से 40 मिनट लगते थे. कॉरिडोर शुरू होने के बाद यह दूरी महज 15 से 20 मिनट में तय हो जाएगी.
नोएडा और गाजियाबाद वालों को भी सीधा फायदा
इस कॉरिडोर के शुरू होने से सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि एनसीआर के यात्रियों को भी जबरदस्त फायदा मिलेगा. मयूर विहार, सराय काले खां और बारापुला होते हुए दक्षिण दिल्ली तक बिना किसी रुकावट के पहुंचा जा सकेगा. रिंग रोड और सराय काले खां के आसपास लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को स्थायी मुक्ति मिलेगी.
9 साल की देरी और बढ़ता बजट
बारापुला फेज-3 की राह आसान नहीं रही. इसे 2014 में मंजूरी मिली थी और 2015 में इसका निर्माण कार्य शुरू हुआ था. इसे 2017 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिनयमुना खादर में निजी जमीनों के अधिग्रहण में लंबी कानूनी और तकनीकी दिक्कतें आईं. यमुना के बाढ़ क्षेत्र (Floodplain) में निर्माण की एनओसी में देरी हुई. वर्ष 2023 में आई भीषण यमुना बाढ़ से भी काम प्रभावित हुआ. लगातार हुई देरी के कारण प्रोजेक्ट की शुरुआती लागत 964 करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 1,330 करोड़ रुपये पहुंच गई.
इसी महीने हो सकता है उद्घाटन
PWD द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के बाद अब मुख्यमंत्री कार्यालय से तारीख मुकर्रर होने का इंतजार है. कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कई केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में इसका लोकार्पण कर सकती हैं. संभव है कि इसका उद्घाटन हाल ही में बनकर तैयार हुए मुकरबा चौक अंडरपास के साथ एक संयुक्त कार्यक्रम में किया जाए. तमाम अड़चनों को पार कर तैयार हुआ बारापुला फेज-3 न सिर्फ दिल्ली के यातायात ढांचे को नई रफ्तार देगा, बल्कि ईंधन और समय दोनों की बड़ी बचत करेगा.


