Moradabad News: नया मुरादाबाद और कांठ रोड के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. नया मुरादाबाद में हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर फोरलेन पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है. मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने सेतु निगम के माध्यम से यह प्रस्ताव शासन को भेजा है. शासन से मंजूरी मिलते ही पुल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी. प्रस्तावित पुल करीब 179 मीटर लंबा और 18 मीटर चौड़ा होगा. इसके निर्माण पर करीब 35 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. पुल के बीच डिवाइडर भी बनाया जाएगा.
सिर्फ 5 मिनट में मोरपंख और धोती से सजाएं अपना बच्चा, यहां जानें सबसे आसान मेकअप हैक्स
चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर बचेगा
फिलहाल कांठ रोड से नया मुरादाबाद जाने के लिए सोनकपुर फ्लाईओवर के बाद दिल्ली रोड की ओर घूमकर जाना पड़ता है. इसके चलते नया मुरादाबाद के पश्चिमी हिस्से तक पहुंचने में करीब चार किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. गागन नदी पर पुल बनने के बाद सोनकपुर फ्लाईओवर से हर्बल पार्क के पास सीधे पहुंचना संभव होगा. इससे नया मुरादाबाद तक पहुंचना आसान होगा और लोगों को करीब चार किलोमीटर के अतिरिक्त चक्कर से राहत मिलेगी.
11 गांवों को मिलेगा सीधा संपर्क
प्रस्तावित पुल से शिवालिक आवासीय योजना के अंतर्गत आने वाले डिडौरा, डिडौरी, रसूलपुर सुनवाती, फाजलपुर और अंबेडकर गांव समेत करीब 11 गांवों को नया मुरादाबाद से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. इसके अलावा कांठ रोड के सोनकपुर और रिंग रोड से भी सीधा संपर्क स्थापित होगा.
घड़ी डिटर्जेंट से 15,800 करोड़ की दौलत, जानिए कौन हैं यूपी के सबसे अमीर कारोबारी मुरलीधर ज्ञानचंदानी
कच्चे पुल से मिलेगी निजात
फिलहाल फाजलपुर और अंबेडकर गांव के लोग गागन नदी पार करने के लिए लकड़ी के कच्चे पुल का इस्तेमाल करते हैं. फोरलेन पुल बनने के बाद यहां आवागमन न सिर्फ आसान बल्कि ज्यादा सुरक्षित भी हो जाएगा. एमडीए के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह ने बताया कि हर्बल पार्क के पास गागन नदी पर 18 मीटर चौड़ा फोरलेन पुल प्रस्तावित है. पुल के बीच डिवाइडर होगा, जिससे भविष्य में यातायात संचालन में काफी सहूलियत मिलेगी.


