India Renewable Energy News: भारत स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) के मुताबिक, साल 2030 तक देश की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता बढ़कर करीब 530 गीगावाट (GW) पहुंच सकती है. इस विस्तार में सोलर पावर की सबसे बड़ी भूमिका होगी. कुल क्षमता वृद्धि में 80 फीसदी से अधिक योगदान सौर ऊर्जा का रहने का अनुमान है. इसके साथ ही भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी ग्रोथ मार्केट बन सकता है.
IEA की India Renewable Energy Market Report 2026 के अनुसार, 2026 की चौथी तिमाही में भारत की रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता 300 GW का आंकड़ा पार कर चुकी है. पिछले एक दशक में इसमें लगभग चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारत 2030 तक 500 GW गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित स्थापित बिजली क्षमता के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.
सोलर पावर की क्षमता 350 GW के पार पहुंचने का अनुमान
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि 2030 तक भारत की सोलर फोटोवोल्टिक (PV) क्षमता 350 GW से अधिक हो सकती है. वहीं, पवन ऊर्जा की क्षमता करीब 90 GW और जलविद्युत क्षमता 75 GW तक पहुंचने की संभावना है.
जलविद्युत क्षेत्र में बड़ी पारंपरिक परियोजनाओं के शुरू होने और पंप्ड स्टोरेज में निवेश बढ़ने से भी इस विस्तार को मजबूती मिलेगी. गौरतलब है कि भारत ने 2025 में ही अपनी कुल स्थापित बिजली क्षमता का 50 फीसदी गैर-जीवाश्म स्रोतों से हासिल करने का लक्ष्य पूरा कर लिया था. यह तय समयसीमा से पांच साल पहले की उपलब्धि है.
हर साल 50 GW से ज्यादा बढ़ेगी क्षमता
IEA का अनुमान है कि 2030 तक भारत में हर साल 50 GW से अधिक रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता जोड़ी जा सकती है. साल 2025 में यह वृद्धि 49 GW रही थी. वहीं, तेजी से विकास वाले परिदृश्य में दशक के अंत तक सालाना क्षमता वृद्धि 70 GW तक पहुंच सकती है.
इससे भारत की स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन क्षमता में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है. रिपोर्ट के मुताबिक, रिन्यूएबल स्रोतों से बिजली उत्पादन 2025 के करीब 500 टेरावाट-घंटे (TWh) से बढ़कर 2030 में लगभग 950 TWh हो सकता है.
बिजली उत्पादन में 35 फीसदी होगी रिन्यूएबल एनर्जी की हिस्सेदारी
भारत के कुल बिजली उत्पादन में रिन्यूएबल एनर्जी की हिस्सेदारी भी तेजी से बढ़ने का अनुमान है. 2025 में यह करीब 25 फीसदी थी, जो 2030 तक बढ़कर लगभग 35 फीसदी हो सकती है.
इसमें सोलर पावर सबसे बड़ा योगदान देगी. अनुमान है कि 2030 तक नवीकरणीय बिजली उत्पादन में सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी आधे से अधिक हो जाएगी. 2025 से 2030 के बीच सोलर बिजली उत्पादन लगभग तीन गुना हो सकता है. वहीं, पवन ऊर्जा से बिजली उत्पादन में करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी का अनुमान है.
सरकारी नीतियों और घटती लागत से मिल रही रफ्तार
IEA के मुताबिक, प्रतिस्पर्धी नीलामी प्रक्रिया, सरकार की अनुकूल नीतियां, तकनीक की घटती लागत और उद्योगों व व्यावसायिक उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग से रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को मजबूती मिल रही है.
हालांकि, इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क का तेजी से विस्तार करना होगा. इसके साथ ही ऊर्जा भंडारण की क्षमता बढ़ाने और बिजली व्यवस्था को अधिक लचीला बनाने की जरूरत होगी.
भूमि अधिग्रहण और वित्तीय चुनौतियां बन सकती हैं बाधा
रिपोर्ट में भूमि अधिग्रहण, परियोजनाओं को पूरा करने में देरी और बिजली वितरण कंपनियों की कमजोर वित्तीय स्थिति को बड़ी चुनौतियों के रूप में बताया गया है.
IEA के अनुसार, इन समस्याओं का समाधान होने पर 2026 से 2030 के बीच रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता के विस्तार में 20 फीसदी से अधिक तेजी लाई जा सकती है. इससे भारत के स्वच्छ ऊर्जा लक्ष्यों को हासिल करने की राह और आसान हो सकती है.
यह भी पढ़ें-असम में बनेगा 6,000 बीघा में डिफेंस पार्क, रक्षा उत्पादन में निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा


