Crime Desk: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. सुरियावां थाना क्षेत्र के दानूपुर पूरबपट्टी गांव में भांग के नशे में धुत एक युवक ने अपनी ही तीन साल की मासूम भतीजी की कुएं में फेंककर हत्या कर दी. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि यह पूरी वारदात बच्ची की छह साल की बड़ी बहन के सामने हुई.
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी मजदूर राजू बिंद और उनकी पत्नी रीमा देवी गुरुवार सुबह रोज की तरह काम पर गए थे. घर पर उनकी दो बेटियां छह वर्षीय रागिनी और तीन वर्षीय आंचल, अकेली थीं. इसी दौरान बच्चियों का चचेरा चाचा रंजीत उर्फ नन्हें घर पहुंचा. बताया जा रहा है कि उसने दोनों बच्चियों को चिप्स दिलाने का लालच दिया और घर से बाहर बुला लिया.
मन नहीं रहता शांत? कुंडली में कमजोर गुरु-बुध दे सकते हैं ये संकेत, जानिए समाधान
अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार
जब दोनों बहनें उसके साथ बाहर आईं, तो रंजीत ने छोटी बच्ची आंचल को गोद में उठा लिया. इसके बाद वह घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक कुएं की ओर गया और अचानक मासूम को उसमें फेंक दिया. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. पूरी घटना बड़ी बहन रागिनी की आंखों के सामने हुई, जिससे वह घबरा गई और जोर-जोर से रोते हुए शोर मचाने लगी.
बच्ची का शव दिखाई दिया
रागिनी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने जब कुएं में झांका तो भीतर बच्ची का शव दिखाई दिया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बच्ची को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इस घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल फैल गया.
आरोपी रंजीत को हिरासत में ले लिया
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी रंजीत को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में सामने आया कि वह भांग के नशे में था. जानकारी के अनुसार, रंजीत मुंबई में मजदूरी करता था और मकर संक्रांति के अवसर पर गांव आया हुआ था.
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. अभी तक हत्या के पीछे की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है. परिवार में किसी तरह के विवाद की भी जानकारी नहीं मिली है. बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग इस निर्मम कृत्य को लेकर स्तब्ध हैं.


