Rae Bareli News: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी से फोन पर हुए विवाद के बाद एक युवक ने ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया. घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया.
कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना बछरावां थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, घायल युवक लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र का निवासी है और वह बछरावां कस्बे में अपने रिश्तेदारों के यहां आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था.
बताया जा रहा है कि समारोह के दौरान युवक की अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. फोन पर हुए विवाद के बाद युवक काफी गुस्से में आ गया और मानसिक रूप से परेशान हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के कुछ देर बाद युवक ने अचानक अपने पास मौजूद ब्लेड से अपना गला काट लिया. गला कटते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. यह देख शादी समारोह में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया.
मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और उसे बछरावां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया, लेकिन गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी रही. बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया.
आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को 5 लाख तक इलाज की गारंटी! महिला दिवस पर सीएम योगी का बड़ा तोहफा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि युवक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल युवक का इलाज जारी है और डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग युवक के इस खौफनाक कदम को लेकर हैरानी जता रहे हैं.


