Purvanchal cricket stadium: देश में इस समय Indian Premier League का खुमार चरम पर है, और इसी बीच पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. अब उन्हें बड़े मैचों का रोमांच देखने के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि जल्द ही उनके अपने क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले आयोजित होंगे. वहीं पूर्वांचल की धरती पर क्रिकेट का एक नया युग शुरू होने जा रहा है. वाराणसी और गोरखपुर में बन रहे दो भव्य इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम इस बदलाव के गवाह बनेंगे. ये सिर्फ स्टेडियम नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को उड़ान देने वाले मंच होंगे.
वाराणसी में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
वाराणसी के गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में है. लगभग 90% निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जून 2026 तक इसके पूरी तरह तैयार होने की उम्मीद है. 30,000 दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम काशी की सांस्कृतिक आत्मा को समेटे हुए है, त्रिशूल के आकार की फ्लडलाइट्स और आकर्षक डिज़ाइन इसे एक अनोखी पहचान देते हैं. यहां बैठकर मैच देखना सिर्फ खेल नहीं, बल्कि एक अनुभव होगा.
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक, स्टेडियम में फाइनल टच का काम तेजी से चल रहा है. हरी-भरी आउटफील्ड, आधुनिक सीटिंग अरेंजमेंट और विश्वस्तरीय सुविधाएं इसे अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार बना रही हैं. बहुत जल्द यहां चौकों-छक्कों की गूंज सुनाई देगी.
गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
वहीं गोरखपुर में भी क्रिकेट का सपना आकार ले रहा है. लगभग 339 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह स्टेडियम 45 एकड़ में फैला होगा और इसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें 30,000 दर्शकों की क्षमता, सात मुख्य पिचें और चार अभ्यास पिचें होंगी. इसे International Cricket Council के मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है, जिससे यहां अंतरराष्ट्रीय मैचों की मेजबानी संभव हो सकेगी.
कानपुर किडनी कांड, ‘डॉक्टर अली’ निकला लैब टेक्नीशियन, 60 लाख में होती थी ‘काली सर्जरी’
यह परियोजना उत्तर प्रदेश सरकार और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से विकसित की जा रही है, जो क्षेत्र में खेल बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी. अब वह दिन दूर नहीं जब पूर्वांचल की धरती पर IPL और T20 मुकाबलों का शोर गूंजेगा, और यहां के युवा खिलाड़ी अपने ही मैदान पर अंतरराष्ट्रीय सितारों के साथ खेलते नजर आएंगे. यह सिर्फ स्टेडियम का निर्माण नहीं, बल्कि सपनों की एक नई शुरुआत है.


