Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने मामूली विवाद में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसे हादसा दिखाने की कोशिश की. हालांकि पुलिस की सतर्कता और सख्त पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर तक टिक नहीं सका और पूरी सच्चाई सामने आ गई. बताया जा रहा है कि शोभित गुप्ता की शादी करीब 10 साल पहले पूनम गुप्ता से हुई थी. दोनों के बीच प्यार भी था और उनकी 7 साल की एक बेटी भी है, लेकिन अक्सर छोटे-छोटे मुद्दों पर झगड़े होते रहते थे.
1580 करोड़ की रफ्तार, गाजियाबाद बनेगा मॉडल सिटी, सपनों को मिलेगी नई उड़ान
क्या है पूरा मामला
कटघर थाना क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में रहने वाले शोभित गुप्ता की शादी करीब 10 साल पहले पूनम गुप्ता से हुई थी. दोनों के बीच अक्सर छोटे-छोटे विवाद होते रहते थे. 22 अप्रैल की सुबह भी इसी तरह का एक झगड़ा इतना बढ़ गया कि शोभित ने गुस्से में आकर घर में रखे शटर के भारी लोहे के हैंडल से पत्नी के सिर पर वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से पूनम की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसा दिखाने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपी पति ने शव को घर में ही करीब 5 घंटे तक छिपाए रखा और फिर एक झूठी कहानी बनाते हुए पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी बाथरूम में गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई.
पुलिस जांच में खुला राज
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटनास्थल की स्थिति और शव की हालत देखकर मामला संदिग्ध लगा. फॉरेंसिक टीम की जांच और सख्त पूछताछ में आरोपी पति टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
पुलिस की कार्रवाई
मामले में पुलिस ने आरोपी शोभित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का हैंडल (आलाकत्ल) भी बरामद कर लिया गया है. मृतका के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के साथ उसके भाई, भाभी और भतीजे को भी नामजद किया गया है. अन्य आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस का बयान
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के अनुसार, घटना सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच की है, जबकि पुलिस को सूचना दोपहर करीब 3:30 बजे दी गई. शुरुआती जानकारी में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की गई, लेकिन मौके की परिस्थितियों और जांच के आधार पर सच्चाई सामने आ गई. यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि गुस्से में लिया गया एक फैसला कैसे पूरे परिवार को बर्बाद कर सकता है.


