JP Wishtown Project: जेपी विशटाउन परियोजना में सालों से अपने आशियाने का इंतजार कर रहे हजारों घर खरीदारों के लिए एक राहत भरी खबर आई है. परियोजना का काम संभाल रही सुरक्षा रियल्टी (Suraksha Realty) ने प्रोजेक्ट के 21 नए टावर में लगभग 2,000 फ्लैट्स का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है. इसके साथ ही, कंपनी का लक्ष्य वर्ष 2028 तक पूरी विशटाउन परियोजना को समाप्त करने का है.
‘रेशम सखी’ से लेकर सब्सिडी तक… जानें कैसे योगी सरकार का रेशम मिशन दोगुनी करेगा किसानों की आय
निर्माण और ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) की वर्तमान स्थिति
जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जश पंचमिया के अनुसार, प्रोजेक्ट में निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा है. सुरक्षा रियल्टी द्वारा अधिग्रहण के बाद अब तक 84 टावर में कुल 7,913 फ्लैट्स तैयार हो चुके हैं. 4,213 फ्लैट्स वाले 42 टावर का ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (OC) प्राप्त हो चुका है. 2,229 फ्लैट्स वाले 26 और टावर के OC के लिए आवेदन किया जा चुका है, जिसकी मंजूरी जल्द मिलने की उम्मीद है. 583 फ्लैट्स वाले 7 टावर का स्ट्रक्चरल ऑडिट पूरा हो चुका है, जबकि 888 फ्लैट्स वाले 9 टावर का ऑडिट अभी जारी है. ऑडिट और फायर NOC पूरा होते ही इनके लिए भी OC का आवेदन किया जाएगा.
6 महीनों में दिखी बड़ी प्रगति
गौरतलब है कि सुरक्षा रियल्टी ने 2024 में जेपी इंफ्राटेक का अधिग्रहण किया था. जनवरी 2026 तक कंपनी ने 63 टावर में 6,500 फ्लैट तैयार होने की बात कही थी. लेकिन बीते छह महीनों में कंपनी ने रफ्तार बढ़ाते हुए निर्मित टावरों की संख्या 84 और तैयार फ्लैटों का आंकड़ा करीब 8,000 तक पहुंचा दिया है. इस विशालकाय परियोजना में कुल 159 टावर हैं, जिनमें लगभग 20,000 खरीदारों के हित जुड़े हुए हैं.
Delhi Pink Saheli Smart Card: 1 अगस्त से पिंक टिकट बंद, जानें कैसे मिलेगा DTC बसों में मुफ्त सफर
बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष जोर
नोएडा के सेक्टर-128, 129, 131, 133 और 134 में फैली इस टाउनशिप में खरीदारों के रहने योग्य माहौल बनाने के लिए मूलभूत सुविधाओं को सुधारा जा रहा है. टाउनशिप में गंगाजल की सुविधा शुरू कर दी गई है. बिजली की समस्या से निपटने के लिए GSS-1 की लोड क्षमता को 19.8 MVA से बढ़ाकर 35 MVA कर दिया गया है. GSS-2 का मौजूदा लोड 9.7 MVA है. चालू वित्तीय वर्ष के अंत तक कुल 11 क्लस्टर क्लब चालू कर दिए जाएंगे. लंबे कानूनी और वित्तीय संकट के बाद, सुरक्षा रियल्टी के इस तेजी से किए जा रहे कार्य और सुविधाओं के विस्तार से जेपी विशटाउन के हजारों खरीदारों के अपने घर में शिफ्ट होने का सपना अब हकीकत बनता दिख रहा है.


