Nitin Nabin Press Conference: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी और विपक्ष के कुछ अन्य नेताओं पर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. नवीन ने विपक्षी नेताओं की विचारधारा को ‘अर्बन नक्सल’ मानसिकता बताते हुए कहा कि राहुल गांधी के इरादे कभी सफल नहीं होंगे. उनके ये बयान ऐसे समय आए हैं, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में प्रदर्शन करने वाली है.
देश को अस्थिर करने की कोशिश सफल नहीं होगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश को आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में आगे ले जाने के प्रयास किए गए हैं. इसके बावजूद कुछ लोग देश में अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं.
उन्होंने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, INDIA गठबंधन के नेताओं और CJP के युवा नेतृत्व की बयानबाजी पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश का युवा उनकी भाषा और उनके बयानों को देख रहा है. नवीन ने दावा किया कि देश के युवा भारतीय संस्कृति, लोकतंत्र और संविधान से गहराई से जुड़े हुए हैं और संवैधानिक व्यवस्था को चुनौती देने वाली बातों को स्वीकार नहीं करेंगे.
संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
BJP अध्यक्ष ने विपक्ष पर संविधान का नाम लेकर लोकतंत्र को चुनौती देने और जनता के जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि देश की जनता ने जिस नेतृत्व को अपना जनादेश दिया है, वह देश का नेतृत्व कर रहा है. नवीन ने विभिन्न राज्यों में चुनावी हार के बाद विपक्षी दलों पर हताशा में काम करने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि देश की शांति और विकास में बाधा डालने की कोशिशों का BJP और देश के नागरिक जवाब देंगे.
पीएम मोदी के ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य का किया जिक्र
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘न्यू इंडिया’ के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं और उन्हें देश के 140 करोड़ नागरिकों का भरोसा प्राप्त है. उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार देश में तनाव पैदा करने की कोशिशों से सख्ती से निपटेगी. उन्होंने यह भी कहा कि BJP कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर ऐसी कोशिशों को विफल करने का प्रयास करेंगे. नवीन के मुताबिक, पार्टी का लक्ष्य देश को शांति और समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ाना और ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करना है.
वोट चोरी और SIR को लेकर बढ़ा राजनीतिक टकराव
यह बयान ऐसे समय आया है, जब विपक्ष और चुनाव आयोग के बीच कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक टकराव जारी है. CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और SIR के विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन का आह्वान किया है. विपक्ष की ओर से चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि BJP अध्यक्ष ने विपक्ष के आरोपों और उसके विरोध प्रदर्शनों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. ऐसे में चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें- Delhi News: CJP प्रदर्शन से पहले दिल्ली-NCR में हाई अलर्ट, सिंघु बॉर्डर से गाजियाबाद तक चेकिंग तेज, लगा लंबा जाम


