Crime Desk: प्रेम-प्रसंग से जुड़े एक सनसनीखेज मामले में प्रेमिका की शादी से नाराज कथित प्रेमी ने जयमाल समारोह के दौरान दुल्हन को गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. घायल दुल्हन को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है. यह घटना बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत की है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मंगलवार रात आयोजित शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब जयमाल के दौरान दुल्हन को गोली मार दी गई. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दूल्हा-दुल्हन जयमाल मंच पर खड़े हैं. इसी दौरान अचानक एक युवक मंच पर चढ़ता है और फायरिंग कर देता है. गोली लगते ही दुल्हन मंच पर गिर पड़ती है. मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं.
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग घायल दुल्हन को पास के अस्पताल ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि गोली दुल्हन और उसके पिता पर चलाई गई थी.
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से बारात बक्सर के चौसा आई थी. जयमाल कार्यक्रम के लिए जैसे ही दुल्हन मंच पर पहुंची, तभी पड़ोस का एक युवक अचानक वहां पहुंच गया. लोगों के कुछ समझ पाते उससे पहले उसने फायरिंग कर दी. घटना के बाद समारोह स्थल पर चीख-पुकार मच गई और शादी का माहौल शोक में बदल गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. आरोपी युवक दुल्हन का पड़ोसी है. कुछ लोगों का कहना है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे, जबकि अन्य का दावा है कि युवक एकतरफा प्यार करता था और दुल्हन की शादी तय होने से नाराज था. इसी रंजिश में उसने यह खौफनाक कदम उठाया.
सुर्खियों के लिए PIL? UGC नियमों पर नई याचिका पर CJI सख्त, बोले- ‘मीडिया में आने का जरिया तो नहीं?’
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.


