वाराणसी: काशी आने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए बड़ी खबर है. कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया के बीच प्रस्तावित अर्बन रोपवे के किराए को लेकर तस्वीर साफ हो गई है. यात्रियों को अलग-अलग दूरी के हिसाब से 10 रुपये से 50 रुपये तक का टिकट देना होगा. वहीं, पास धारकों को किराए में 30 प्रतिशत तक की छूट मिलने की व्यवस्था की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- e-SHRAM Card Update: ई-श्रम कार्ड में अटक रही है किश्त? घर बैठे ऐसे अपडेट करें नया बैंक खाता
नवंबर 2026 के आसपास शुरू करने का लक्ष्य
वाराणसी में देश की पहली अर्बन रोपवे सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है. प्रशासन की ओर से इसे दीवाली यानी नवंबर 2026 के आसपास शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि, अभी इसकी अंतिम शुरुआत की तारीख आधिकारिक रूप से सामने नहीं आई है.
रोपवे सेवा शुरू होने के बाद कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक आने-जाने वाले यात्रियों को सड़क मार्ग के मुकाबले एक वैकल्पिक और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी.
कैंट से गोदौलिया तक होंगे 5 स्टेशन
रोपवे का प्रस्तावित रूट कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक होगा. रास्ते में कुल पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं, कैंट, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर, गोदौलिया का नाम है.
10 से 50 रुपये तक होगा किराया
रोपवे में यात्रा की दूरी के आधार पर किराया तय किया गया है. यात्रियों को 10 रुपये से लेकर अधिकतम 50 रुपये तक का टिकट लेना होगा. इसके अलावा नियमित यात्रियों के लिए पास की सुविधा भी होगी, जिस पर 30 प्रतिशत तक की छूट मिलने की बात कही गई है.
जाम से राहत की उम्मीद
कैंट रेलवे स्टेशन और गोदौलिया के बीच का इलाका वाराणसी के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शामिल है. यहां रोजाना बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक भी पहुंचते हैं. रोपवे सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों की ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- SIR विवाद के बीच चुनाव आयोग की फुल बेंच बैठक, CEC ज्ञानेश कुमार समेत तीनों EC ने दी सफाई, Form 6 पर भी स्थिति स्पष्ट
इसके साथ ही सड़क पर वाहनों का दबाव घटने से ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की संभावना है. खासकर त्योहारों और पर्यटन सीजन में रोपवे काशी आने वाले यात्रियों के लिए अहम परिवहन विकल्प बन सकता है.


